• Wed. Jul 29th, 2026

बिलासपुर में बर्ड फ्लू अलर्ट: कई वार्डों को इन्फेक्टेड व सर्विलांस जोन घोषित बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद प्रशासन सतर्क, 10 किमी क्षेत्र में निगरानी बढ़ी

बिलासपुर :— जिले में बर्ड फ्लू (एच5एन1) की पुष्टि होने के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित क्षेत्र को इन्फेक्टेड एवं सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है।कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रभावित पोल्ट्री क्षेत्र के 1 किलोमीटर की परिधि को इन्फेक्टेड जोन तथा 1 से 10 किलोमीटर के क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित किया गया है।

इन्फेक्टेड जोन में रामकृष्ण परमहंस नगर एवं विद्यासागर नगर वार्ड को शामिल किया गया है, जबकि आसपास के अनेक वार्डों और नगर क्षेत्रों को सर्विलांस जोन में रखा गया है। इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए रखेगी। प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इन्फेक्टेड एवं सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों जैसे मुर्गी, अंडे आदि की बिक्री, परिवहन और भंडारण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही इन उत्पादों की दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर डिलीवरी पर भी रोक लगाई गई है।

कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपातकालीन स्थिति में जिला कंट्रोल रूम एवं संबंधित अधिकारियों से संपर्क करने की व्यवस्था भी की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध मामले में तुरंत कार्रवाई की जा सके। जिला कंट्रोल रूम के प्रभारी डॉक्टर जीएस तंवर से मोबाइल (88278/17931) और उप प्रभारी डॉक्टर वीरेंद्र पिल्ले (94061/58769) से संपर्क किया जा सकता है।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed