• Thu. Jun 4th, 2026

सुशासन शिविर को मिल रहा लोगों का अच्छा प्रतिसाद: विधायक धरमलाल कौशिक 2 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना के तहत 20-20 हजार का चेक वितरण

बिलासपुर :— जिले के बिल्हा विकासखण्ड के हिर्री में आयोजित सुशासन शिविर में मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कार्ड, चेक, सामग्री आदि का वितरण कर लाभान्वित किया गया। उन्होंने अलग-अलग विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर उपस्थित नागरिकों से चर्चा की और लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ लेने की अपील की। शिविर में मांग एवं समस्याओं से संबंधित कुल 558 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से 259 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया।

 

मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू हुए सुशासन तिहार का आमजनों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। शहर से लेकर दूरस्थ अंचलों तक सभी की समस्याओं का त्वरित रूप से समाधान किया जा रहा है। निश्चित तौर पर ग्रामीणों ने योजनाओं के बारे में जाना है और उनका लाभ लेने आगे आ रहे है। इन शिविरों में जिला प्रशासन एवं विभागीय अधिकारियों का सहयोग भी सराहनीय है। तेज गर्मी में भी लोग शिविरों तक पहुंच रहे है जो इस बात का प्रमाण कि वे कितने जागरूक है। शिविर में अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही हो रहा है। हमारा कर्तव्य है कि योजनाओं का लाभ जन-जन को मिले। हिर्री शिविर में आज 3 हितग्राहियों को केसीसी ऋण वितरण, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना के तहत कु. चांदनी और पूजा साहू को 20-20 की राशि का चेक वितरण, 2 हितग्राहियों को श्रम कार्ड का वितरण, 7 हितग्राहियों को विभिन्न पेंशन योजनांतर्गत स्वीकृति आदेश, 18 कृषक हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख का वितरण, 4 शिशुओं का अन्नप्राशन एवं 1 महिला का गोदभराई रस्म संपन्न कराया गया। 10 हितग्राहियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र, 5 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड एवं 15 हितग्राहियों को राशनकार्ड वितरण किया गया।

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रामकुमार कौशिक, जिला पंचायत सदस्य अनिता राजेंद्र शुक्ला, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेंडरे, जनपद सदस्यगण, एसडीएम आकांक्षा त्रिपाठी, सीईओ कुमार लहरे, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *