• Wed. Jul 29th, 2026

कचरा प्रबंधन अभियान में जिले में 106 संस्थानों का हुआ पंजीयन सर्वाधिक पंजीयन कराने वाले जिलों में शामिल हुआ बिलासपुर

बिलासपुर :—  स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बिलासपुर जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक 106 संस्थानों का बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) के रूप में पंजीयन किया जा चुका है। यह संख्या प्रदेश में सर्वाधिक है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ऑनलाइन पोर्टल पर किए गए इस पंजीयन से जिले में कचरे के वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित प्रबंधन को नई मजबूती मिली है।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छ बिलासपुर के निर्माण में सभी संस्थानों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने पंजीयन कराने वाले संस्थानों की सराहना करते हुए अन्य पात्र संस्थानों से भी अभियान से जुड़ने और कचरा प्रबंधन के नियमों का पालन करने की अपील की। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल ने कहा कि कचरे का पृथक्करण और उसका उचित प्रबंधन पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने संस्थानों से गीले और सूखे कचरे को अलग रखने तथा जैविक कचरे के प्रसंस्करण की व्यवस्था विकसित करने का आग्रह किया। जिले में शासकीय एवं निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों, होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा बड़े आवासीय परिसरों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। नियमानुसार प्रतिदिन 100 किलोग्राम या उससे अधिक कचरा निकलने वाले संस्थानों के लिए बल्क वेस्ट जनरेटर के रूप में पंजीयन आवश्यक है।

जिला प्रशासन ने शेष पात्र संस्थानों से भी शीघ्र पंजीयन कराने तथा कचरे के पृथक्करण एवं वैज्ञानिक प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की है। जिला प्रशासन का मानना है कि संस्थानों की सक्रिय भागीदारी से बिलासपुर को स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बनाने के प्रयासों को और गति मिलेगी।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed