बिलासपुर :— सरकंडा क्षेत्र में रहने वाला आदतन बदमाश अपने साथियों के साथ एक होटल में रुककर अय्याशी कर रहा था। बेहिसाब रुपये खर्च करने की जानकारी मिलने पर पुलिस की टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
तब पता चला कि बदमाशों ने पिछले एक साल से एक छात्रा को धमकाकर करीब 14 लाख 50 हजार रुपये और आधा किलो सोने के जेवर ले लिया है। नाबालिग के दिए रुपयों से आरोपित मौज कर रहे थे। अब पीड़ित ने इसकी शिकायत सरकंडा थाने में की है। इस पर पुलिस ने चार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दो फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है।
सरकंडा टीआइ प्रदीप आर्य ने बताया कि आदतन बदमाश आयुष यादव(22) शहर के एक होटल सेलिब्रेशन में रूम लेकर अपने दोस्तों के साथ ठहरा था। इस दौरान वह बेहिसाब खर्च कर रहा था। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम ने उसे पकड़कर पूछताछ की। इस दौरान उसके पास सोने की चेन और अंगूठी भी मिली। इस संबंध में आयुष गोलमोल जवाब दे रहा था।
कड़ाई करने पर उसने बताया कि सोने की चेन और रुपये राजीव विहार कालोनी में रहने वाली 12 वीं कक्षा की 17 साल की नाबालिग ने दी है। जब इसकी तस्दीक कराई गई तब पता चला कि एक साल पहले नाबालिग अपने परिचित के साथ पैसा निकालने एटीएम गई थी। साथ में परिचित का एक बालक भी था। आरोपित आयुष भी एटीएम के पास मौजूद था।