• Sat. Oct 10th, 2026

छत्तीसगढ़ के पेंशनरों का टूटा सब्र, कर दिया प्रदेशव्‍यापी आंदोलन का ऐलान: 19 अगस्त को संभाग मुख्यालयों में प्रदर्शन; 2% DR एरियर की मांग

बिलासपुर  :— छत्तीसगढ़ के लाखों पेंशनरों से जुड़ी महंगाई राहत (DR) की मांग को लेकर भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश अब आंदोलन के दूसरे चरण में प्रवेश करने जा रहा है। महासंघ ने केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (DR) का एरियर सहित भुगतान करने की मांग को लेकर 19 अगस्त 2026, बुधवार को प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के अनुसार, पेंशनरों की इस मांग को लेकर संगठन लगातार राज्य सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहा है। महासंघ का कहना है कि जनवरी 2026 से केंद्र सरकार के समान देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ राज्य के पेंशनरों को भी तत्काल दिया जाना चाहिए।

5 अगस्त को दिया गया था मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन

महासंघ के मुताबिक आंदोलन का पहला चरण 5 अगस्त 2026 को पूरा किया गया था। इस दौरान प्रदेश के सभी जिलों में महासंघ की जिला इकाइयों ने कलेक्टरों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा था।

इसके बाद अब दूसरे चरण में संभाग स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

19 अगस्त को पांच संभाग मुख्यालयों में प्रदर्शन

महासंघ के अनुसार 19 अगस्त को प्रदेश के प्रमुख संभाग मुख्यालयों में पेंशनर एकत्र होंगे। यहां शांतिपूर्ण प्रदर्शन और नारेबाजी के माध्यम से अपनी मांग शासन तक पहुंचाई जाएगी।

इसके बाद दोपहर 12 बजे संभागीय प्रतिनिधिमंडल संबंधित संभाग आयुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़ शासन के नाम ज्ञापन सौंपेगा।

कार्यक्रम का नेतृत्व संबंधित संभागीय अध्यक्ष करेंगे।

कहां-कौन करेगा नेतृत्व?

संभाग नेतृत्व

रायपुर : शैलेन्द्र कुमार सिन्हा

दुर्ग  : बी. एल. गजपाल

बिलासपुर : राजेंद्र कश्यप

अंबिकापुर :  गुरुचरण सिंह

जगदलपुर :  रामनारायण ताटी

पेंशनरों की मुख्य मांग क्या है?

महासंघ की मुख्य मांग है कि राज्य के पेंशनरों को केंद्र सरकार के समान जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत का लाभ दिया जाए और इसकी बकाया राशि यानी एरियर का भी भुगतान किया जाए।

महासंघ का कहना है कि यह मामला पेंशनरों के आर्थिक हितों से जुड़ा है और राज्य सरकार को इस पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

‘महंगाई राहत अनुग्रह नहीं, अधिकार का विषय’

महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने कहा कि पेंशनरों ने अपने सेवाकाल में राज्य और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली महंगाई राहत केवल किसी प्रकार की कृपा या अनुग्रह नहीं, बल्कि पेंशनरों के अधिकारों से जुड़ा विषय है।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की है कि जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत DR का एरियर सहित भुगतान करने के लिए जल्द आदेश जारी किया जाए।

आंदोलन को सफल बनाने की अपील

आन्दोलन को सफल बनाने की अपील भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के संभागाध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप  एवं जिला अध्यक्ष श्री राकेश जैन ने बिलासपुर संभाग के सभी जिलाध्यक्षों एंव कार्यकारिणी के पदाधिकारियों तथा सदस्यों से आन्दोलन में शामिल होने की अपील की है

महासंघ का कहना है कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- 8वें वेतन आयोग पर बड़ा अपडेट: 1 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए बैठकों का दौर जारी, जानिए कब लागू होगी नई सैलरी

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *