जैजैपुर :— 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में बिलासपुर संभाग की 14 वर्षीय बालक बेसबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। बिलासपुर में 03 से 06 सितंबर 2026 तक आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सक्ती जिले से जी.एस.सी. इंग्लिश मीडियम स्कूल, जैजैपुर के कक्षा 7वीं के प्रतिभावान छात्र आर्या शर्मा पिता आशुतोष शर्मा ने बिलासपुर संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व किया।
आर्या शर्मा की इस उपलब्धि ने सक्ती जिला, जैजैपुर एवं जी.एस.सी. स्कूल का गौरव बढ़ाया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित होकर संभाग की विजेता टीम का हिस्सा बनना विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता केवल मैदान तक सीमित नहीं होती, बल्कि खेल उन्हें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, संघर्षशीलता और टीम भावना जैसी जीवनोपयोगी क्षमताएं भी प्रदान करते हैं। आर्या शर्मा की यह उपलब्धि विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
जी.एस.सी. शाला परिवार ने आर्या शर्मा एवं बिलासपुर संभाग की पूरी विजेता टीम को स्टेट चैंपियन बनने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय के संचालक जी.एस. चन्द्रा, इंग्लिश मीडियम प्राचार्य श्रीमती निशा चन्द्रा, हिन्दी मीडियम प्राचार्य विजय कुमार यादव, रासेयो कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती रीमा रानी पलांगे, रासेयो सहायक कार्यक्रम अधिकारी शंकर लाल यादव, खेल प्रभारी श्रीमती हनीफा खान, परीक्षा प्रभारी श्रीमती गायत्री यादव सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं स्टॉफ ने हर्ष व्यक्त करते हुए आर्या शर्मा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।