दुर्ग :— भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ जिला दुर्ग के तत्वावधान में मंगलवार को मीनाक्षी नगर, दुर्ग स्थित जिला कार्यालय परिसर में 351 आजीवन सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा होने के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में आजीवन सदस्यता ग्रहण करने वाले सदस्यों को आजीवन सदस्यता प्रमाणपत्र का वितरण भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव के कर कमलों से किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिला इकाई के संगठनात्मक प्रयासों की सराहना की।
इस अवसर पर जिला कार्यालय के निकट स्थित खेल मैदान में महासंघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का ग्रुपिंग फोटो सेशन भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री टी. पी. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता का श्रेय जिला अध्यक्ष बी. के. वर्मा के नेतृत्व में जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं सक्रिय सदस्यों के सामूहिक प्रयासों को दिया गया। जिला महामंत्री पी. आर. साहू ने संपूर्ण कार्यक्रम का सफल संचालन किया।
उल्लेखनीय है कि 351 आजीवन सदस्यों का आंकड़ा हासिल करना दुर्ग जिला इकाई की महत्वपूर्ण संगठनात्मक उपलब्धि है। इस उपलब्धि से जिले में महासंघ के संगठनात्मक विस्तार को और मजबूती मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।