• Fri. Oct 9th, 2026

हरदी में सेवा सेतु शिविर के दौरान हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं से किया गया लाभान्वित

बिलासपुर :—  सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद पंचायत बिल्हा के ग्राम हरदी में सेवा सेतु शिविर का आयोजन बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक के मुख्य आतिथ्य में किया गया। शिविर में क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. रामकुमार कौशिक, उपाध्यक्ष विक्रम सिंह ठाकुर, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेण्ड्रे, जनपद सदस्य सरस्वती यादव, कलेक्टर संजय अग्रवाल, सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल भी शामिल हुए। विभिन्न विभागों द्वारा ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आवेदन लिए गए। शिविर में प्राप्त कुल 87 आवेदनों में से 44 का निराकरण किया गया। शिविर में हितग्राहियों को विभिन्न योजना अंतर्गत लाभान्वित किया गया।

विधायक श्री धरमलाल कौशिक ने कहा कि सेवा सेतु शिविर का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आवास, रसोई गैस, पेयजल और बिजली जैसी सुविधाएं लोगों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से जरूरतमंदों को इन योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। श्री कौशिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘आशीर्वाद का दीया’, आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यक्रम तथा विद्यालयों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में सेवा सेतु शिविरों से नागरिकों को उनके नजदीक शासकीय सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से आमजन के जीवन में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर मिला है। शौचालय निर्माण से स्वच्छता के साथ गरिमा और जनधन खातों से बैंकिंग सुविधाओं तक लोगों की पहुंच बढ़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में पात्र परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से शिविर का लाभ उठाकर अपनी मांगें और समस्याएं संबंधित विभागों के समक्ष रखने का आग्रह किया। शिविर में मांगों से संबंधित 85 और शिकायतों से संबंधित 2 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मांगों से संबंधित 44 आवेदनों का निराकरण किया गया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच मनीराम मरावी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, बिल्हा एसडीएम नंदकुमार चौबे, जनपद पंचायत सीईओ कुमार लहरे, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *