बिलासपुर // मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत अपात्र हितग्राहियों की सूची के संबंध में दावा-आपत्ति 7 से 14 अक्टूबर तक संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में जमा की जा सकेगी। इच्छुक हितग्राही निर्धारित स्थानों पर सुबह 10 बजे से शाम 5.30 बजे तक अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं।
जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृति के लिए शेष तथा स्वीकृति के बाद प्रथम किस्त जारी करने के लिए शेष हितग्राहियों में से कुल 502 हितग्राहियों की अपात्र सूची जनपद पंचायतों से प्राप्त हुई है। इनमें बिल्हा के 81, कोटा के 66, मस्तूरी के 191 और तखतपुर के 164 हितग्राही शामिल हैं। सूची के संबंध में दावा-आपत्ति आमंत्रित करने की सूचना जिले की वेबसाइट www.bilaspur.gov.in पर उपलब्ध है। संबंधित हितग्राही सूची का अवलोकन कर निर्धारित अवधि में अपनी दावा-आपत्ति प्रस्तुत कर सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त दावा-आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।