• Sun. Nov 29th, 2026

मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य व दुर्घटना बीमा सुरक्षा देने की पहल- मुख्यमंत्री का जताया आभार

मीडिया कर्मियों के लिए स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा योजना-2026 का प्रारूप तैयार,सुझाव आमंत्रित
रायपुर/बिलासपुर :- छत्तीसगढ़ में मीडिया कर्मियों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार की पहल का छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा ने स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं जनसंपर्क विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है। महासंघ ने कहा कि पत्रकारों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और दुर्घटनाओं के जोखिम को देखते हुए बीमा सुरक्षा प्रदान करने की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी।राज्य सरकार की यह पहल पत्रकार हित में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
राज्य शासन द्वारा छत्तीसगढ़ मीडिया कर्मी स्वास्थ्य एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना-2026 का प्रारूप तैयार किया गया है। इस पर मीडिया जगत से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं,ताकि योजना को अधिक प्रभावी और उपयोगी बनाया जा सके। योजना के प्रारूप पर 1 से 30 नवंबर 2026 तक सुझाव भेजे जा सकते हैं। इसके लिए जनसंपर्क विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध प्रारूप का अवलोकन किया जा सकता है।मीडिया कर्मी अपने सुझाव निर्धारित ईमेल chhattisgarhmediakarmi@gmail.com पर भेज सकते हैं।
छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय मिश्रा सहित महासंघ के पदाधिकारियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जनसंपर्क विभाग का आभार व्यक्त किया।महासंघ ने कहा कि पत्रकार विषम परिस्थितियों में कार्य करते हुए समाज तक सूचनाएं पहुंचाते हैं इस दौरान उन्हें कई बार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों और दुर्घटनाओं के जोखिम का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा की सुविधा पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण आधार बन सकती है।
महासंघ ने कहा कि पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों और कार्य की प्रकृति को देखते हुए उन्हें बेहतर सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। बीमा योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र मीडिया कर्मियों तक पहुंचे,इसके लिए योजना के प्रावधानों को सरल,पारदर्शी और व्यावहारिक बनाया जाना चाहिए। महासंघ ने मीडिया कर्मियों से भी अपील की कि वे निर्धारित समय-सीमा में अपने उपयोगी सुझाव भेजें,जिससे योजना को और बेहतर बनाया जा सके।
महासंघ के अनुसार,पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण से जुड़े विषयों को लेकर संगठन लगातार अपनी आवाज उठाता रहा है। राज्य सरकार द्वारा योजना का प्रारूप तैयार कर सुझाव आमंत्रित करना सकारात्मक पहल है। महासंघ ने उम्मीद जताई कि सुझावों के आधार पर योजना को अंतिम रूप देते समय पत्रकारों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को प्राथमिकता दी जाएगी
छत्तीसगढ़ प्रखर पत्रकार महासंघ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पत्रकारों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने की यह पहल मीडिया जगत के लिए राहतकारी साबित हो सकती है। महासंघ ने सरकार से आग्रह किया कि योजना को प्रभावी ढंग से लागू कर इसका लाभ पात्र पत्रकारों तक सुनिश्चित किया जाए।
राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *