• Sat. Nov 28th, 2026

सीपत वन परिक्षेत्र कार्यालय बना दावत का ठिकाना! चिकन-मटन बनाते दिखे डिप्टी रेंजर, वीडियो वायरल

बिलासपुर :— छत्तीसगढ़ के बिलासपुर वन मंडल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सीपत वन परिक्षेत्र कार्यालय में कथित रूप से शराब पार्टी का वीडियो वायरल हो रहा है।जंगल सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाले अधिकारी ही नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे।

इस वीडियो के सामने आने के बाद वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर काफी आक्रोश देखा जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों से इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

चिकन-मटन पकाते दिखे अफसर

यह पूरा मामला दीपावली के दूसरे दिन सोमवार का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल खुद किचन में खाना बनाते नजर आ रहे हैं।

वे कार्यालय के अंदर चिकन और मटन की डिश तैयार कर रहे थे। कार्यालय परिसर में करीब 10 से 15 अन्य बाहरी युवक भी मौजूद दिखाई दे रहे हैं। टेबल पर डिस्पोजल गिलास रखे हुए थे। दफ्तर के अंदर पूरी तरह से दावत का माहौल बना हुआ था।

दफ्तर को बताया प्राइवेट रूम

वीडियो बनाने वाले ने जब परिसर में पार्टी को लेकर सवाल पूछे, तो विवाद बढ़ गया। डिप्टी रेंजर जवाब देने के बजाय सवाल पूछने वाले पर ही भड़क गए। उन्होंने उल्टा पूछा कि बिना इजाजत अंदर आने की हिम्मत कैसे हुई।

डिप्टी रेंजर ने उस कमरे को अपना ‘प्राइवेट रूम’ करार दे दिया। अब यह सवाल उठ रहा है कि सरकारी कार्यालय किसी का निजी कमरा कैसे हो सकता है? क्या इसके लिए विभाग से कोई लिखित अनुमति ली गई थी?

विभागीय जांच पर टिकी नजरें

सरकारी दफ्तर में बाहरी युवकों का देर रात तक जमावड़ा नियम विरुद्ध माना जाता है। इस घटना के बाद बिलासपुर वन मंडल के उच्च अधिकारियों पर सभी की नजरें टिक गई हैं। लोग जानना चाहते हैं कि दोषी कर्मचारी पर क्या कदम उठाया जाएगा।

क्या आरोपी डिप्टी रेंजर को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा? क्या इस पूरे मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराई जाएगी? फिलहाल विभाग की तरफ से आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *