• Wed. Apr 1st, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से छत्तीसगढ़ प्रवास पर उनसे वरिष्ठ नागरिकों के रेल किराया छूट पुनः लागू करने की मांग

रायपुर :— भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध वरिष्ठ नागरिक परिसंघ के पूर्व प्रदेश संयोजक भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री, तथा छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर फेडरेशन छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक वीरेन्द्र नामदेव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के छत्तीसगढ़ प्रवास पर आज एक बयान जारी करते हुए कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल यात्रा में दी जाने वाली रियायतें कोविड काल के दौरान बंद कर दी गई थीं, जिन्हें तत्काल प्रभाव से पुनः बहाल किया जाना चाहिए। उन्होंने आगे ने बताया है कि पूर्व में भारतीय रेल द्वारा वरिष्ठ महिला नागरिकों को 50% तथा वरिष्ठ पुरुष नागरिकों को 40% रेल किराए में छूट प्रदान की जाती थी। यह सुविधा देशभर के करोड़ों वरिष्ठ नागरिकों—विशेषकर पेंशनर, सामाजिक सुरक्षा पर निर्भर वरिष्ठ तथा आर्थिक रूप से कमजोर नागरिको के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होती थी। कोविड काल में प्रतिबंधों के चलते इस रियायत को अस्थायी रूप से रोका गया था, परंतु अब जबकि देश सामान्य स्थिति में लौट चुका है, तब भी यह छूट पुनः प्रारंभ नहीं की गई है। वरिष्ठ कर्मचारी नेता वीरेन्द्र नामदेव का मत है कि रेल यात्रा वरिष्ठ नागरिकों का मूलभूत अधिकार और सामाजिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है,बढ़ती महंगाई के इस दौर में वरिष्ठ नागरिकों की नियमित चिकित्सा, पारिवारिक, सामाजिक एवं धार्मिक यात्राओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है, सरकार का कर्तव्य है कि समाज के सबसे अनुभवी वर्ग को राहत एवं सम्मान दिया जाए। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के रायपुर आगमन पर उनका हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया है। प्रधानमंत्री जी की उपस्थिति प्रदेश के लिए गौरव की बात है। महासंघ को विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में वरिष्ठ नागरिकों और पेंशनरों के हितों से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे। जारी विज्ञप्ति में छत्तीसगढ़ राज्य संयुक्त पेंशनर फेडरेशन से जुड़े पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष डॉ डी पी मनहर, पेंशनर एसोसिएशन छत्तीसगढ़ प्रदेश के प्रांताध्यक्ष यशवंत देवान, छत्तीसगढ़ प्रगतिशील पेंशनर कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष रामकुमार थवाईत, भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष जे पी मिश्रा ने माननीय प्रधानमंत्रीजी एवं रेलवे मंत्रालय से मांग की है कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए रेल किराया रियायत (महिला—50%, पुरुष—40%) को तत्काल प्रभाव से पुनः लागू किया जाए। यह निर्णय देशभर के वरिष्ठ नागरिकों को प्रत्यक्ष राहत देगा और सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम होगा।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *