• Wed. Jul 29th, 2026

प्रयास आवासीय विद्यालय में 770 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण, बच्चों को मिली आवश्यक दवाइयाँ

बिलासपुर :— आदिम जाति कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालय रामतला में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आज व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। स्वास्थ्य परीक्षण में प्रयास आवासीय विद्यालय के लगभग 250 बालक एवं 180 बालिकाएँ, कुल 430 विद्यार्थी शामिल हुए। वहीं अन्य पिछड़ा वर्ग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय की 340 छात्राओं का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस प्रकार कुल 770 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

स्वास्थ्य परीक्षण कार्य सहायक आयुक्त संजय चंदेल की उपस्थिति में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा किया गया। टीम में दो चिकित्सक, एक फार्मासिस्ट तथा छह स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल रहे। शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार बीमारियों की पहचान की गई तथा रोग के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण से विद्यार्थियों को तत्काल स्वास्थ्य लाभ मिला, जिससे बच्चों में खुशी और उत्साह देखा गया। विद्यालय प्रबंधन एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए उपयोगी बताया। जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की बात कही गई, जिससे विद्यार्थियों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध हो सकें।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed