• Sat. Jun 13th, 2026

ओलंपिक से नेशनल गेम्स तक के खिलाड़ी होंगे लाभान्वित, खेलवृत्ति के लिए आवेदन शुरू

बिलासपुर // खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा “क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना” के अंतर्गत खिलाड़ियों को खेलवृत्ति प्रदान करने के लिए 16 फरवरी तक आवेदन मंगाये गए हैं। पात्र खिलाड़ी जिला कार्यालय या संचालनालय में राज्य खेल संघों से प्रमाणिकरण संबंधित सहित आवेदन जमा कर सकते है। आवेदन पत्र का प्रारूप एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाईट http://sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध है। इस योजना का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त किए हैं।

योजना के तहत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, एशियाड एवं नेशनल गेम्स में शामिल खेलों के राष्ट्रीय खेल एवं राष्ट्रीय चैम्पियनशीप के सीनियर, जूनियर एवं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को खेलवृत्ति दी जाएगी। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को 75 हजार रुपये, जूनियर वर्ग को 60 हजार रुपये तथा सब-जूनियर वर्ग को 50 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे। वहीं द्वितीय स्थान पर सीनियर वर्ग को 50 हजार, जूनियर को 40 हजार और सब-जूनियर को 25 हजार रुपये दिए जाएंगे। तृतीय स्थान पर सीनियर वर्ग के खिलाड़ियों को 40 हजार, जूनियर को 30 हजार तथा सब-जूनियर को 20 हजार रुपये की खेलवृत्ति दी जाएगी। योजना का लाभ केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी खिलाड़ियों को मिलेगा, जिन्होंने प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो। एकल एवं दलीय खेलों में वास्तविक रूप से उक्त प्रतियोगिता में खेल हुए खिलाड़ी पात्र होंगे। जिसका प्रमाण संबंधित खेल संघ पदाधिकारियों के माध्यम से प्रस्तुत करना होगा।

यदि खिलाड़ी एक से अधिक वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया हो, तो उनमें से श्रेष्ठतम वर्ग के आधार पर खेलवृत्ति प्रदान किया जाएगा। यदि खिलाड़ी दो अलग-अलग वर्गाें में पदक अर्जित किया हो तो उसकी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति प्रदाय की जाएगी। प्रत्येक वित्तीय वर्ष में एक खिलाड़ी को एक बार ही खेलवृत्ति की पात्रता होगी। खेलवृत्ति की राशि अधिकतम आयु 25 वर्ष तक के खिलाड़ी को प्रदाय की जाएगी। आवेदन वर्ष के विगत वर्ष में अर्जित उपलब्धियों के आधार पर पात्रता का निर्धारण किया जाएगा।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed