• Wed. Apr 1st, 2026

आवास योजना को गति प्रदान करने जिला प्रशासन की नई पहल कलेक्टर के मार्गदर्शन में प्रेरक पहल से निर्माण कार्य में आई तेजी निर्माण कार्य शुरू करने वाले हितग्राहियों का श्रीफल से सम्मान, अन्य लोग भी ले रहे प्रेरणा

बिलासपुर :— प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत निर्माण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत तखतपुर की ग्राम पंचायत भरारी में प्रेरणादायक पहल की जा रही है। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं सीईओ जिला पंचायत श्री संदीप अग्रवाल के निर्देश पर यह पहल की जा रही है। सीईओ तखतपुर श्री सत्यव्रत तिवारी और उनकी टीम द्वारा लंबे समय से अप्रारंभ आवासों को शुरू कराने के लिए हितग्राहियों को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है।

 

ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव एवं जनप्रतिनिधि गांव में घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों को नारियल (श्रीफल) और लड्डू भेंट कर सम्मानित कर रहे हैं। जो हितग्राही बार-बार समझाइश के बाद अपने तय समय में आवास निर्माण कार्य प्रारंभ कर रहे हैं, उन्हें सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया जा रहा है। इस पहल से गांव में सकारात्मक माहौल बना है और अन्य हितग्राही भी निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आगे आ रहे हैं। वर्ष 2025-26 में स्वीकृत हितग्राही विजय कुमार उजागर द्वारा प्लिंथ स्तर तक का कार्य शुरू नहीं किया गया था। लगातार प्रेरणा और मार्गदर्शन के बाद उन्होंने निर्माण कार्य प्रारंभ किया। उनकी इस पहल की सराहना करते हुए ग्राम पंचायत सचिव, सरपंच एवं आवास मित्र द्वारा श्रीफल एवं मिठाई देकर सम्मानित किया गया।

 

इसी प्रकार दीना राम यादव, सावित्री बाई, कमलेश निर्मलकर एवं सरस्वती ने भी 3 से 4 माह से बंद पड़े अपने आवास निर्माण कार्य को दोबारा शुरू किया। उन्हें भी मिठाई और श्रीफल भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। इस अभिनव पहल से ग्राम पंचायत भरारी में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माण कार्य में तेजी आई है और अन्य हितग्राही भी प्रेरित होकर अपने आवास निर्माण कार्य शुरू कर रहे हैं।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *