• Fri. Jul 31st, 2026

प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम व प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना पर विशेषज्ञ देंगे विस्तृत मार्गदर्शन

बिलासपुर // जिले के युवाओं, उद्यमियों एवं स्वरोजगार के इच्छुक नागरिकों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय स्वरोजगार मेला का आयोजन 19 एवं 20 फरवरी 2026 को सवेरे 10 बजे से देवकीनंदन दीक्षित सभागार लाल बहादुर शास्त्री स्कूल परिसर में किया जा रहा है। इस मेले में राज्य शासन की छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास नीति 2024-30 के अंतर्गत उद्योग एवं सेवा इकाइयों को स्थापना पूर्व तथा स्थापना पश्चात प्रदान किए जाने वाले विभिन्न अनुदान एवं रियायतों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। उद्योग विभाग द्वारा संचालित केंद्र शासन की हितग्राही मूलक योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना (PMFME) के संबंध में भी मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन तथा खादी ग्रामोद्योग के अधिकारी भी उपस्थित रहकर अपने-अपने विभाग की योजनाओं की जानकारी देंगे। बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न ऋण योजनाओं एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी प्रदान करेंगे। जिले के प्रमुख चार्टर्ड अकाउंटेंट्स द्वारा उद्योग/व्यवसाय प्रारंभ करने, विभागीय लाइसेंस, पंजीयन, खाता संधारण एवं कर संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। रायपुर से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम संस्थान, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना तथा स्टार्ट-अप योजनाओं के विशेषज्ञ भी मेले में शामिल होंगे। मेले की विशेषता यह रहेगी कि विभागीय योजनाओं से लाभान्वित सफल उद्यमी अपने अनुभव साझा करेंगे, जिससे नए उद्यमियों को प्रेरणा एवं व्यावहारिक मार्गदर्शन मिलेगा। जिले के युवक-युवतियों एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस मेले में भाग लेकर शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें एवं आत्मनिर्भर बनने की दिशा में पहल करें।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed