• Wed. Jul 29th, 2026

विशेष ग्राम सभाओं में आवास प्लस 2 की प्रतीक्षा सूची का किया गया अनुमोदन जिला पंचायत सीईओ ने हरदी में आयोजित ग्राम सभा में लिया हिस्सा

बिलासपुर // प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) अंतर्गत आवास प्लस 2.0 के तहत तैयार की गई सिस्टम जनरेटेड स्थायी प्रतीक्षा सूची के अंतरिम वाचन, अवलोकन एवं अनुमोदन के लिए आज जिले की सभी 486 ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कुमार अग्रवाल ने विकासखंड बिल्हा के ग्राम हरदी में आयोजित विशेष ग्राम सभा में भाग लिया। ग्राम सभा में आवास प्लस 2.0 के अंतर्गत तैयार की गई सूची का वाचन कर ग्रामवासियों के समक्ष प्रस्तुत किया गया तथा उनके सुझाव एवं आपत्तियां प्राप्त की गईं। ग्राम हरदी में सर्वेक्षित हितग्राहियों की कुल संख्या 348 है।

विशेष ग्राम सभा में ग्राम सभा अध्यक्ष, सरपंच मनीराम ध्रुव, जनपद सदस्य मनोज यादव, जनपद पंचायत बिल्हा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार सिंह, सहायक अभियंता आवास, सहायक लेखा परीक्षण अधिकारी, तकनीकी सहायक, उप सरपंच, पंचगण, ग्राम सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जा रहा है। ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्रता सूची का सार्वजनिक परीक्षण सुनिश्चित कर शासन की मंशानुरूप वास्तविक जरूरतमंद परिवारों को योजना का लाभ दिलाया जाएगा। इसके पूर्व श्री अग्रवाल ने ग्राम पंचायत पोंसरी का भ्रमण कर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) अंतर्गत निर्मित चेक डेम, आंगनबाड़ी भवन एवं प्रधानमंत्री आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed