बिलासपुर // छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) योजना के राज्यव्यापी क्रियान्वयन के संबंध में सभी कलेक्टरों एवं जिला कार्यक्रम समन्वयकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना 1 जुलाई 2026 से पूरे प्रदेश में लागू हो गई है, जबकि इसका औपचारिक शुभारंभ 2 जुलाई को किया जाएगा।
योजना का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 2 जुलाई को प्रातः 11 बजे आंध्र प्रदेश के तिरुपति से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री द्वारा किया जाएगा। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के सभी जिलों एवं विकासखंडों में जनसम्मेलन आयोजित कर योजना का शुभारंभ किया जाएगा। जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीणों को योजना की जानकारी मिल सके।
निर्देशों के अनुसार ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा क्यूआर कोड सहित विभिन्न माध्यमों से योजना का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। शुभारंभ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, श्रमिकों, स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा अन्य सामुदायिक हितधारकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ग्राम पंचायत विकास योजना एवं प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
योजना के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिकों द्वारा रोजगार की मांग किए जाने पर निर्धारित समय-सीमा के भीतर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा तथा कार्यस्थलों पर सभी अनिवार्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। श्रमिकों की उपस्थिति प्रतिदिन एनएमएमएस ऐप के माध्यम से दर्ज करने, समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित करने तथा मस्टर रोल, एमआईएस प्रविष्टि एवं फंड ट्रांसफर ऑर्डर (एफटीओ) की प्रक्रिया समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।