• Wed. Jul 29th, 2026

गौरेला- में पेंशनरों की बैठक हुई पेंशनरों को मिलेगा न्याय, प्रमुख मांगों पर मुख्य सचिव से हुई सकारात्मक चर्चा – वीरेन्द्र नामदेव

भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ, छत्तीसगढ़ के प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव, प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह तथा बिलासपुर संभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप संयुक्त रूप से कल 12 जुलाई को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के संगठनात्मक प्रवास पर रहे। इस दौरान गौरेला स्थित मिश्री देवी शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी विद्यालय में जिला स्तरीय पेंशनर्स बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की गतिविधियों एवं संगठन द्वारा पेंशनरों के हित में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने 10 जुलाई को मंत्रालय में मुख्य सचिव श्री विकासशील के साथ लगभग एक घंटे तक हुई विस्तृत चर्चा का उल्लेख करते हुए बताया कि महासंघ ने पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर ज्ञापन प्रस्तुत किए हैं।

उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49(6) को हटाने हेतु छत्तीसगढ़ विधानसभा में शासकीय संकल्प पारित करने, पेंशनर कल्याण मंडल के पुनर्गठन एवं नियमित संचालन, पेंशनर कल्याण निधि नियम 1997/2006 के पुनरीक्षण एवं सहायता राशि में वृद्धि, 1 जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डी.आर.) की स्वीकृति एवं एरियर सहित भुगतान, न मांग–न जांच प्रमाणपत्र के नाम पर पेंशन रोके जाने की प्रवृत्ति पर रोक, राज्य के पेंशनरों को प्रस्तावित कैशलेस चिकित्सा योजना में शामिल करने तथा 80 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को एक सहायक सहित निःशुल्क बस यात्रा संबंधी शासन आदेश के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई है।

उन्होंने आगे बताया कि सभी संभागों एवं जिलों में पृथक पेंशन कार्यालय स्थापित करने, सेवानिवृत्ति के दिन ही समस्त वैध देयकों का भुगतान सुनिश्चित करने, ई-पेंशन कार्ड तैयार कर पेंशनरों को उपलब्ध कराने तथा उसे ई-कोष लाइट एप में अपलोड करने, उच्च न्यायालय बिलासपुर द्वारा रिट अपील क्रमांक 470/2022 में दिए गए निर्णय के अनुरूप नियमितीकृत कर्मचारियों की पूर्व सेवा अवधि को पेंशन एवं सेवानिवृत्ति लाभों हेतु मान्य करने तथा पात्र पेंशनरों को 32 माह एवं 27 माह के लंबित एरियर का शीघ्र भुगतान किए जाने संबंधी मांगें भी प्रमुखता से उठाई गई हैं।

प्रदेश महामंत्री अनिल गोल्हानी ने अपने संबोधन में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा नए सदस्यों को जोड़ने का आह्वान किया। प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह ने संगठन गीत “जय हो हिंदुस्तान” का सामूहिक गायन कराया तथा कहा कि भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ का एकमात्र ऐसा संगठन है जिसने राज्य के सभी जिलों में सफलतापूर्वक अपना विस्तार किया है और पेंशनरों के हितों की आवाज बुलंद करने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

बिलासपुर संभागीय अध्यक्ष राजेन्द्र कश्यप ने संगठन की आवश्यकता एवं महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में सक्रिय एवं समर्पित पदाधिकारी पेंशनरों के हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जिले के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संपर्क स्थापित कर आजीवन सदस्यों की संख्या बढ़ाने का आह्वान किया।

बैठक में जिला अध्यक्ष आर.ए. शर्मा, जिला सचिव ठाकुर सुरेन्द्र सिंह, संरक्षक रविशंकर चौबे सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। चर्चा में शंकर साहू, नागेन्द्र मणि त्रिपाठी, वी.पी. सिंह, जी.पी. गौतम, एम.एम. त्रिपाठी, एम.पी. नामदेव, राकेश गुप्ता, आर.के. शर्मा, आर.एल. सिंह राजपूत, अजय प्रकाश शुक्ला, बी.एम. नामदेव, दीपक गौतम, एफ.ए. सिद्दीकी, विजय कुमार तिवारी, बलराम सिंह, शुभलक्ष्मी, एम.एम. गर्ग, एस.पी. सोनी, वी.एस. दहिया सहित अनेक पेंशनरों ने भाग लेकर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर शाला परिसर में प्रांताध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत फलदार कटहल के पौधे का वृक्षारोपण किया। बैठक के अंत में लोकप्रिय सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. एस.ई. सिंह के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का संचालन बलराम सिंह ने तथा आभार प्रदर्शन शंकर साहू ने किया।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed