छत्तीसगढ़ माननीय न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा, मुख्य न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर के कर कमलों द्वारा सिविल कोर्ट परिसर, पेण्ड्रारोड (सिविल जिला बिलासपुर) में नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति रवीन्द्र कुमार अग्रवाल, न्यायाधीश, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय एवं पोर्टफोलियो न्यायाधीश, जिला बिलासपुर की विशेष उपस्थिति रही।
उल्लेखनीय है कि इस नवनिर्मित अतिरिक्त न्यायालय भवन के लिए 77,17,000 (सतहत्तर लाख सत्रह हजार) रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई थी। इस आधुनिक भवन में 02 सर्वसुविधायुक्त कोर्ट रूम, पीठासीन अधिकारियों हेतु विश्राम कक्ष तथा स्टेनो रूम का निर्माण किया गया है, जिससे न्यायालयीन कार्यों के संपादन में सुगमता आएगी।
इस अवसर पर माननीय मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने पेण्ड्रारोड (सिविल जिला बिलासपुर) में नवनिर्मित 02 अतिरिक्त न्यायालय भवन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और इस उत्कृष्ट निर्माण की सराहना करते हुए इसे बेहतरीन बताया है, उन्होंने पेण्ड्रारोड अधिवक्ता संघ के विद्वान सदस्यों, न्यायालयीन अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आगंतुक पक्षकारों को इसके लिये बधाई दी, माननीय मुख्य न्यायाधिपति महोदय ने अपने उद्बोधन में आगे यह भी कहा कि, वर्ष 2023 में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में मुख्य न्यायाधीश का पदभार ग्रहण करने के पश्चात् से प्रदेश के लगभग सभी जिला न्यायालयों एवं बाह्य न्यायालयों में किये गए अपने दौरे को याद करते हुए कहा कि उन्हें इस बात की बहुत संतुष्टि है कि राज्य के जिला न्यायालयों की न्यायिक अधोसंरचना आज अच्छी स्थिति में है, यह भी कहा कि, जिन न्यायिक अधिकारियों के लिए अतिरिक्त न्यायालय भवन बना है उन्हें संस्थान के लिये अपना सर्वश्रेष्ठ देना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि जो व्यक्ति न्याय के लिये आये, उसे त्वरित, निष्पक्ष और पारदर्शी
माध्यम से न्याय मिल सके। उन्होंने न्यायपालिका के सुदृढ़ीकरण, भवनों के निर्माण व नवीनीकरण तथा आधुनिक तकनीक के समावेश में निरंतर सहयोग के लिए राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के प्रयासों की सराहना की। उदबोधन के अंत में उन्होंने पेण्ड्रारोड के इस नवनिर्मित भवन को अन्य निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स के लिए एक उत्कृष्ट मिसाल बताया जिसका अनुसरण किया जाना चाहिए।
उपरोक्त कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, बिलासपुर के स्वागत भाषण से एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश, पेण्ड्रारोड द्वारा किया गया।
इस वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल एवं ज्वाइंट रजिस्ट्रार-कम-प्रिंसिपल प्राइवेट सेक्रेटरी, रजिस्ट्री के अधिकारीगण, जिला न्यायालय बिलासपुर, पेण्ड्रा रोड के न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण, अधिवक्तागण, प्रशासनिक अधिकारीगण तथा इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।