• Mon. Aug 10th, 2026

जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ पर होगी कार्रवाई, विभाग ने लोगों से वैध लाइसेंस वाली दुकानों से दवा खरीदने की अपील की

बिलासपुर :—  नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा कलेक्टर बिलासपुर के निर्देशानुसार जिले में अवैध औषधि कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण एवं जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में तखतपुर विकासखंड के ग्राम खमरिया में बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के औषधियों के भंडारण के मामले में कार्रवाई की गई।

औषधि प्रशासन विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर सोमू मेडिकल स्टोर्स, खमरिया के पीछे स्थित क्लीनिक की जांच की गई। जांच के दौरान बीरेन्द्र मलिक द्वारा बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) के 36 प्रकार की औषधियों का भंडारण किया जाना पाया गया। यह औषधि अधिनियम, 1940 के प्रावधानों का उल्लंघन है।खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर औषधियों की जांच की और बिना अनुज्ञप्ति के रखी गई औषधियों को विधिवत जब्त किया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत औषधियों के नमूने लेकर परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। प्रकरण में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉक्टर शुभा गरेवाल के मार्गदर्शन एवं सहायक औषधि नियंत्रक श्री भीष्म देव सिंह के नेतृत्व में औषधि निरीक्षक श्री सुनील पंडा द्वारा की गई।खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने कहा है कि बिना वैध औषधि अनुज्ञप्ति के औषधियों का क्रय-विक्रय अथवा भंडारण नियमों का उल्लंघन है। ऐसी गतिविधियों पर विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जिले के औषधि व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे केवल वैध अनुज्ञप्तिधारी औषधि विक्रेताओं से ही दवाइयां खरीदें। बिना अनुज्ञप्ति औषधियों के भंडारण अथवा विक्रय से संबंधित जानकारी मिलने पर इसकी सूचना खाद्य एवं औषधि प्रशासन को दें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed