• Sat. Oct 10th, 2026

बिलासपुर में तिरंगा रैली ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह, घर-घर तिरंगा फहराने की अपील

बिलासपुर :— स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘वंदे मातरम्’ अभियान से जोड़ने के उद्देश्य से बिलासपुर में भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। जिला पुलिस प्रशासन एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली पुलिस ग्राउंड से प्रारंभ होकर अग्रसेन चौक तक पहुंची। रैली में करीब 700 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। रैली में कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा एनसीसी के अधिकारी शामिल हुए।

 

जिला पुलिस बल के जवानों के साथ एनसीसी के छात्र-छात्रा कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक तथा स्काउट-गाइड के विभिन्न स्कूलों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। तिरंगा थामे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, पुलिस जवानों और स्वयंसेवकों की सहभागिता से शहर में देशभक्ति का माहौल बना रहा। रैली के माध्यम से नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया। रैली के आयोजन एवं समन्वय में एनसीसी के कैप्टन श्री आशीष शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री रामगोपाल करियारे तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती मधुलिका सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस प्रशासन, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट-गाइड के समन्वित प्रयासों से आयोजित इस रैली ने जिले में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed