• Fri. Aug 14th, 2026

पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त के मुख्य समारोह का किया गया हूबहू पूर्वाभ्यास कलेक्टर-एसएसपी ने तैयारियों का लिया जायजा

बिलासपुर  // स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। सवेरे पुलिस परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित किया गया। रिहर्सल में 15 अगस्त को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की पूरी रूपरेखा का हूबहू पूर्वाभ्यास किया गया।

कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने रिहर्सल के दौरान समारोह के मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, बैंड प्रदर्शन, पुरस्कार एवं सम्मान सहित प्रत्येक आयोजन की बारीकियों को देखा और राष्ट्रीय पर्व की गरिमा एवं भव्यता के अनुरूप सभी तैयारियां समयबद्ध और बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री संदीप अग्रवाल ने रिहर्सल में मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई।

फुल ड्रेस रिहर्सल में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, परेड निरीक्षण और 13 टुकड़ियों द्वारा शानदार मार्च पास्ट का पूर्वाभ्यास किया गया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं। मुख्य समारोह के लिए इस बार छह स्कूलों का चयन किया गया है, जिनके विद्यार्थी सामूहिक रूप से देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियां देंगे।

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में एक नया आकर्षण बच्चों द्वारा साहसिक खेल ताईक्वांडो का प्रदर्शन होगा। इसके साथ ही जिला पुलिस एवं केंद्रीय जेल की संयुक्त बैंड द्वारा देशभक्ति की धुनों पर विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्य समारोह में नक्सल हिंसा में शहीद हुए जवानों एवं नागरिकों के परिवारों के प्रति आदर और श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके योगदान को नमन किया जाएगा। वहीं शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया जाएगा। ब्रह्माकुमारी बहनों द्वारा समारोह में नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई जाएगी। अंतिम रिहर्सल के माध्यम से समारोह के प्रत्येक चरण का समयबद्ध एवं व्यवस्थित पूर्वाभ्यास किया गया। कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह गरिमापूर्ण, अनुशासित और आकर्षक हो तथा कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों, विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed