• Sat. Aug 8th, 2026

उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार बनर्जी की अध्यक्षता में ELC प्रशिक्षण, विद्यार्थियों को जिम्मेदार मतदान की मिलेगी सीख

बिलासपुर // भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (Electoral Literacy Club-ELC) का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य कॉलेज के विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान, निर्वाचन प्रक्रिया तथा जिम्मेदार एवं नैतिक मतदान के प्रति जागरूक बनाना है। महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं भावी मतदाता हैं। ऐसे में उन्हें मतदान के महत्व और लोकतांत्रिक व्यवस्था की जानकारी प्रारंभिक स्तर पर ही उपलब्ध कराने के लिए एनसीसी और एनएसएस की तर्ज पर इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब स्थापित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में कलेक्टोरेट स्थित मंथन सभा कक्ष में महाविद्यालयों के नोडल अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स द्वारा निर्वाचन संबंधी विभिन्न विषयों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान नोडल अधिकारियों को इसीआईनेट मोबाइल एप की उपयोगिता, मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन, संशोधन एवं स्थानांतरण की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR) एवं विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR), मतदाता सूची तैयार करने और अद्यतन करने की प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग की भूमिका एवं जिम्मेदारियों, ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया, भारतीय संविधान एवं लोकतांत्रिक मूल्यों, नैतिक एवं जागरूक मतदान, भ्रामक सूचनाओं और फर्जी खबरों की पहचान तथा मतदाता साक्षरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण का आयोजन उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव कुमार बनर्जी की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर निर्वाचन पर्यवेक्षक ब्रजेश पाण्डेय एवं अंकित तिवारी उपस्थित रहे। जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स मिथिलेश मिश्रा, राजेश कुमार सोनी एवं श्री राजीव शर्मा ने महाविद्यालयों के नोडल अधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से विद्यार्थियों में मतदान के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होगी और वे स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ-साथ समाज में भी निर्वाचन संबंधी जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

राजेन्द्र कश्यप

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *