बिलासपुर :— शासन के निर्देशानुसार स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम हायर सेकेण्डरी स्कूल (सेजेश), तिलक नगर बिलासपुर में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया गत दिवस सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली गई। स्कूल में विभिन्न कक्षाओं में रिक्त स्थानों को भरने के लिए आवेदकों, अभिभावकों और शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों की प्रत्यक्ष उपस्थिति में पारदर्शी लॉटरी पद्धति अपनाई गई।
प्रक्रिया के प्रारंभ में स्कूल की प्राचार्य श्रीमती श्रद्धा गौरहा ने उपस्थित जनसमूह को प्रवेश नियमों और कक्षावार रिक्त सीटों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह से शासन के मापदंडों के अनुरूप और निष्पक्ष रखी गई है, ताकि किसी भी प्रकार का संशय न रहे। उपस्थित अभिभावकों और समिति के सदस्यों ने इस पारदर्शी कार्यप्रणाली की सराहना की।
उल्लेखनीय है कि सेजेश तिलक नगर का पिछला बोर्ड परीक्षा परिणाम लगभग शत प्रतिशत रहा है। स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता और अनुशासन के कारण इस वर्ष प्रवेश हेतु भारी संख्या में ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए थे। सीटों की सीमित संख्या और आवेदनों की अधिकता के कारण चयन के लिए लॉटरी का सहारा लेना पड़ा।
लॉटरी प्रक्रिया के दौरान स्कूल परिसर में मिश्रित भावनाएं देखने को मिलीं। जिन बच्चों का नाम लॉटरी के माध्यम से चयनित हुआ, उनके और उनके अभिभावकों के चेहरों पर भारी उत्साह और हर्ष देखा गया। वहीं दूसरी ओर, बड़ी संख्या में ऐसे अभिभावक भी थे जिनके बच्चों का चयन नहीं हो सका, जिससे उनमें थोड़ी मायूसी नजर आई।
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति की सदस्य लक्ष्मी कश्यप सहित स्कूल के सभी शिक्षक स्टाफ एवं अभिभावक गण उपस्थित रहे। संपूर्ण प्रक्रिया को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने में स्कूल प्रशासन का विशेष योगदान रहा।